1960 के दशक में जनसंख्या वृद्धि के कारण शुरू बड़े पैमाने पर सिंचाई परियोजनाओ के कारण अराल सागर में गिरने वाली नदियों आमू दरिया और साइर दरिया के जल को जल प्रबंधन नीति के अंतर्गत खेतों में सिंचाई के लिए मोड़ दिया गया जिसके फलस्वरूप आने वाले 40 सालों में अराल सागर का 90 प्रतिशत जल खत्म हो गया तथा 74 प्रतिशत से अधिक सतह सिकुड़ गई।
जिस जगह कभी समंदर की लहरें हिलोरे मार रही थीं वहीं आज धूल उड़ रही है, इतना ही नहीं सिकुडते समुद्र और सूखती झीलों से क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था और पारिस्थितिकी तबाह हो गई और आस-पास के पारिस्थिति तंत्र पर भी गंभीर असर हुआ।
सूखते तलछट से निकलने वाली खारी धूल 300 वर्गकिमी तक फसलों को क्षतिग्रस्त कर रही है, यह धूल कीटनाशकों के भारी प्रयोग के बाद इतनी नुकसानदेह हो चुकी है कि क्षेत्र के पशुओं व मानवों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डाल रही है। सागर के आसपास के क्षेत्रों में जल की गुणवत्ता इतनी घटी है कि विषेशज्ञों ने स्थिति का वर्णन 'आपदा', 'तबाही' और 'त्रासदी' के रूप में किया है।
ग्रेट साल्क लेक को भी खतरा : कमोबेश कुछ ऐसा ही हाल है मिसिसिपी स्थित 'ग्रेट साल्ट लेक' का जो की संयुक्त राज्य अमेरिका में पश्चिम की सबसे बड़ी झील है, और दुनिया में नमकीन पानी की चौथी सबसे बड़ी झील हैं। प्रवासी जलपक्षियों की शरणस्थली और स्थानीय तटीय पक्षियों की विशाल संख्या के लिए मशहूर यह झील आर्थिक दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण है, नमक उत्पादन से लेकर झींगा उत्पादक क्षेत्र के कारण यहाँ के स्थानीय निवासियों के लिए यह झील रोजगार का एक अत्यंत महत्वपूर्ण साधन है।
इस झील की पारिस्थेति और जलवायु और जल विशेषताओं में अराल सागर से विशेष रूप से उल्लेखनीय समानताएँ होने से ग्रेट सॉल्ट लेक को भी जल प्रबंधन, जनसंख्या वृद्धि और जलवायु परिवर्तन की संभावना जैसी उन्ही कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है जो अराल सागर के विनाश का कारण बनी।
चिल्का को लेकर चिंतन जरूरी : कुछ ऐसे की खतरे भारत की सबसे बड़ी झील 'चिल्का' भी मंडरा रहे हैं, स्थानीय आबादी के पिछड़े होने की वजह से इस झील में उपलब्ध संसाधनों का जरूरत से ज्यादा दोहन किया जा रहा है। झील का समुचित प्रबंधन न हो पाने की वजह से इस झील के पारिस्थिति तंत्र पर विपरीत असर पड़ रहा है जिस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता जाहिर की जा चुकी है। हालाँकि इसकी तुलना अभी तक अराल सागर को पर्यावरण क्षरण के संदर्भ में अभी नहीं की जा सकती पर भविष्य में जल प्रबंधन की चुनौतियों, और अवश्यंभावी खतरों को कम आंकने की प्रवृत्ति से आने वाले कुछ सालों में यह अनुमान सच साबित हो सकता है।
पर्यावरण क्षरण के चलते अराल सागर बीसवीं सदी में वैश्विक जल समस्याओं का एक प्रतीक बन गया है, जल संसाधनों की माँग में हुई वृद्धि का सामना अब वैश्विक स्तर पर किया जा रहा है।
मनुष्य की एक अजीब और खतरनाक आदत रही है कि वह तात्कालिक खतरे को ले कर अत्यंत सजग हो जाता है पर अक्सर दूरगामी खतरे को भाँपने में नाकाम रहता है। अत्यधिक जटिल खतरों की अनिश्चितता में जो किसी अज्ञात भविष्य में प्रच्छन्न हैं का विश्लेषण करने में जितने प्रयास होने चाहिए उतने गंभीर प्रयासो के लिए पहले जन साधारण को इन आसन्न कठिनाईयों को सरल और स्पष्ट रूप से समझा कर हर स्तर पर प्रयास करने होगें।
लोड हो रहा है...