'सपेरों के इस देश' में सर्पों की दुर्दशा के कई कारण है जिसमें सबसे बड़ा कारण है आम लोगों में सर्पों के बारे में फैली भ्रांतियाँ। अक्सर इसी वजह से खेतों-घरों व रिहायशी इलाके में साँप दिखते ही लोग उसे जहरीला समझ कर मार डालते है।
भ्रांति के शिकार: विश्व की अब तक ज्ञात साँपों की 2500 प्रजातियों में से कुल 20 प्रतिशत को ही घातक माना गया है। दरअसल साँपों के बारे में लोगों को बहुत कम जानकारी है जैसे हर साँप को जहरीला माना जाता है पर असल में भारत में पाई जाने वाली साँपों की 272 ज्ञात प्रजातियों में से मात्र 58 ही जहरीली है, इनमें से भी कुछ प्रजातियों में तो महज इतना ही जहर होता है कि आदमी सिर्फ कुछ घंटो से लेकर दो-तीन दिनों के लिए सिर्फ बीमार भर पड़ता है। इनसान के लिए 'बिग फोर' कही जाने वाली 4 प्रजातियाँ का दंश ही जानलेवा साबित होता हैं।
भारत में पाई जाने वाली कुछ ही जातियाँ जैसे करैत, कोबरा, किंग कोबरा, सॉ-सकेल्ड तथा रसैल वाइपर (बिग फोर) ही मनुष्य के लिए घातक सिद्ध होते है पर सभी साँप प्रकृतिवश मनुष्य का सामना करने से बचते हैं, सिर्फ आत्मरक्षा हेतु ही डँसते है।
धर्म बना विनाश: दूसरी वजह है भारत में सपेरों द्वारा धर्म के नाम पर किया जाने वाला अत्याचार। नाग 'देवता' को बंदी बना कर घर-घर जाकर बीन बजा, लोगों को नाग देवता के दर्शन लाभ दे, अपना पेट पालने वाले सपेरें जाने-अनजाने इस प्रजाति के लुप्त होने में सहायक बन रहे हैं। इसके जहर से बचने के लिए अक्सर सपेरें साँपो के डँसने वाले दाँत तोड़ देते हैं जिसके कारण संक्रमण व घावों से साँपों की असमय मौत हो जाती है।
यह
दवा से होता दर्द : इसके अलावा बहुत से सपेरे व तथाकथित साँप पकड़ने वाले, साँपों के विष को निकालकर ऐसे संस्थानों को विष की आपूर्ति करते हैं जहाँ साँप के विष की प्रतिरोधी दवाई 'स्नेक एंटीडोट' बनाई जाती है पर दुर्भाग्य से वे विष निकालने में कुशल नहीं होते और इस प्रयास में साँपों के दाँत तोड़ बैठते हैं।
ध्यान देने वाली बात है कि सर्पविष में भोजन पचाने के लिए जरूरी एंजाइम होते है और साँप जब अपने शिकार को काटता है तब विष के प्रभाव से शिकार साँप द्वारा निगले जाने से पहले ही गलना शुरू हो जाता है। किसी भी साँप में असीमित विष नहीं होता इस लिए साँप अपने जहर का इस्तेमाल सोच-समझ कर ही करते हैं।
अवैध शिकार: साँपों की चमकदार खाल ने इसकी मुसीबत और बढ़ा दी है। खाल की तस्करी ने भी इस प्राणी को बहुत नुकसान पहुँचाया है, साँप की खाल से बनने वाले पर्स, टाई, जूते तथा अन्य वस्तुएँ विदेशों में बहुत पसंद की जाती है और भारी कीमत पर बिकती हैं, इस विनाशक व्यापार को तुरंत बंद करना चाहिए।
साँप अपनी मृत्युपर्यंत बढते रहते है और इसलिए उसे लगातार केंचुली बदलना पड़ती है जिससे वह हमेशा और अधिक सुंदर और चमकदार दिखता है। इस वजह से लोगों में कई प्रकार की भ्रांतियाँ हैं।
सर्प अंगों का बढता व्यापार : इसी तरह से वियतनाम तथा उत्तर-पूर्व एशिया के कुछ देशों में स्नेक वॉइन की बड़ी माँग है जिसे बनाने के लिए जीवित साँप को बीच में से चीर कर चावल की शराब से भरी बोतल में रखा जाता है, इसके अलावा साँप के शरीर के अन्य अंग भी विभिन्न प्रकार की मदिरा बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। साँप के जहर में मौजूद प्रोटीन इस शराब में धीरे-धीरे मिलता जाता है। लोगों का मानना है कि यह वाइन पीने से कामोत्तेजना बढती है। अब यह तो पता नहीं कि इसे पीने से किसी की कामोत्तेजना को बढावा मिलता है या नहीं मगर इससे एक शानदार प्राणी को इस धरती से मिटा देने को जमकर बढावा मिलता है।
पर्यावरण के मित्र : चूहों व कृंतकों का सफाया करने में साँपो का कोई सानी नहीं है, अनुमानत एक साँप हर साल 10 से ज्यादा पाउंड चूहे/कृंतक खा सकता है। धान के खेतों में अगर साँप नहीं हो तो चूहे सारी फसल कटाई से पहले ही चट कर जाएँ। जंगल में जमीन पर पड़े बीजों को भी यह कृंतक खूब खाते है इसलिए इनके मुख्य शिकारी, साँपों को पर्यावरणतंत्र में एक बहुत महत्वपूर्ण जगह हासिल है।
नागलोक से स्वर्ग की ओर : दंतकथाओं के अनुसार इन्हे नागलोक का वासी माना जाता रहा है। इनसान के लोभ व प्रकृति के प्रति गैरजिम्मेदाराना रुख के चलते सदियों पहले मिस्र के फैरोह के मुकुटों तथा पिरामिड़ो की दिवारों पर उकेरे गए नाग से लेकर भारत के मंदिरों की मूर्तियों में पूजे जाने वाले शेषनाग शायद आने वाले दिनों में स्वर्गलोक पहुँच 'सचमुच के देवता' बन जाएँगे जो सिर्फ चित्रों और मूर्तियों में ही दिखाई पडेंगे।
लोड हो रहा है...